
Varanasi Firing : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बाइक लूटने के प्रयास में बदमाशों ने एक किशोर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना गुरुवार की शाम की है, जब बदमाशों ने पहले दो युवकों से बाइक लूटने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। इसके बाद उन्होंने किशोर को गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली।
बाइक लूटने के लिए बदमाशों ने बड़ागांव थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव के पास जमकर गोलीबारी की। उन्होंने दो युवकों पर लक्ष्य करके गोली चलाई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दूसरा भाग कर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।
असफल प्रयास के बाद, बदमाशों ने सड़क किनारे गुजर रहे किशोर को निशाना बनाया। उसकी बाइक को लूटकर भाग निकले। गोली लगने से किशोर की मौत हो गई। घायल को इलाज के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
यह घटना उस समय हुई जब कृष्णापुर गांव का रहने वाला वाहन चालक अभिषेक यादव, अपने दोस्त रामू यादव के साथ शाम को छह बजे नजदीक के गांव दयालपुर में रहने वाले अपने दोस्त सर्वेश के घर बाइक से जा रहा था। जैसे ही वे घर से थोड़ी दूर, सुनसान जगह पर पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछे से ओवरटेक कर उन्हें रोक दिया।
दो बदमाश उनकी बाइक छीनने का प्रयास करने लगे। रामू और अभिषेक दोनों बदमाशों से भिड़ गए। दोनों सड़क किनारे गेहूं के खेत में पहुंच गए। संघर्ष के दौरान, बदमाशों ने असलहा निकाल लिया।
तब तक, बदमाशों ने गोली चला दी, जिसमें रामू यादव (35 वर्ष) को गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। यह देखकर अभिषेक शोर मचाते हुए भागने लगा।
इसी दौरान, बड़ागांव से बाइक से घर जा रहा रसूलपुर का रहने वाला 14 वर्षीय छात्र समीर सिंह वहां पहुंचा। बदमाशों ने उसे भी निशाना बनाकर गोली चलाई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बदमाश उसकी बाइक लेकर बड़ागांव की ओर भाग गए।
ग्रामिणों ने गोली की आवाज सुनकर घायल रामू और समीर को देखा और पुलिस को सूचित किया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। रामू की हालत गंभीर होने के कारण उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
समीर माता-पिता का इकलौता पुत्र था, और वह कक्षा दसवीं का छात्र था।
घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बदमाशों के हाथ में असलहा था, और उन्होंने दो-दो गोलियां चलाईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसीपी प्रतीक कुमार के अनुसार, बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित की गई हैं। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। डीसीपी आकाश पटेल और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है।
यह भी पढ़े : राजस्थान में इंटरनेट सेवाएं बंद : चौमूं में मस्जिद विवाद पर भड़की हिंसा, पुलिस पर पथराव; 6 जवान घायल










