बस्ती : 23 वर्षीय नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

कलवारी, बस्ती। जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में बुधवार भोर संदिग्ध परिस्थितियों में 23 वर्षीय नवविवाहिता का शव सीढ़ी की छत पर मफलर के सहारे फंदे से लटकता मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर कलवारी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

मृतका की पहचान प्रीति रंजन (23) के रूप में हुई है, जिसकी शादी नवंबर 2024 में उमरिया गांव निवासी सतीश से हुई थी। प्रीति मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के टांडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गौरा गुर्जर गांव की रहने वाली थी।

परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह खाना खाकर सो गए थे। भोर में करीब चार बजे जब सतीश की नींद खुली तो उसने प्रीति को बगल में नहीं पाया। तलाश करते हुए जब वह सीढ़ी के रास्ते छत पर पहुंचा, तो वहां प्रीति का शव फंदे से लटकता मिला।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।

यह भी पढ़े : राजस्थान में इंटरनेट सेवाएं बंद : चौमूं में मस्जिद विवाद पर भड़की हिंसा, पुलिस पर पथराव; 6 जवान घायल

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें