कमल की थीम पर बना है ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ :अटल जयंती पर मिलेगी सौगात, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिया जायजा

Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वसंत कुंज योजना में निर्मित भव्य ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ अब अपने लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार है। आगामी 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्रेरणा पुंज को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

पूरे स्थल का डिजाइन ‘कमल’ (लोटस) थीम पर आधारित है, जो भारतीय संस्कृति और विकास का प्रतीक है। परिसर में एक बड़ा एम्फीथिएटर, योग एवं विपश्यना केंद्र, ध्यान केंद्र और लगभग 2 लाख लोगों की क्षमता वाला रैली स्थल तैयार किया गया है। लोकार्पण समारोह की भव्यता और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए आज भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, जनसभा पांडाल, और प्रधानमंत्री के आगमन के लिए बनाए गए हेलीपैड्स का जायजा लिया। पंकज चौधरी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लाखों कार्यकर्ताओं और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रवाद और सेवा का एक जीवंत केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री जी का यह आगमन लखनऊ और पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक होगा।
लगभग 65 एकड़ में फैला यह परिसर करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसकी बनावट और इसमें स्थापित प्रतिमाएं इसे देश के प्रमुख पर्यटन और प्रेरणा स्थलों में शुमार करती हैं। यहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 65-65 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। परिसर में एक अत्याधुनिक म्यूजियम बनाया गया है, जिसमें इन महान नेताओं के जीवन संघर्ष, राजनीतिक यात्रा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को डिजिटल और गैलरी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

25 दिसंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्र व राज्य सरकार के कई दिग्गज मंत्री शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार, पूरे उत्तर प्रदेश से लगभग 1.5 से 2 लाख लोगों के जुटने की संभावना है, जिसके लिए 2000 से अधिक बसों की पार्किंग और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की गई है।


यह भी पढ़े :
भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी : सपा की पीडीए पारिवारिक दल का एलायंस, भाजपा में जमीनी कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें