
भोपाल। खेलो एमपी 2025 को लेकर मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रेसवार्ता में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि देश में पहली बार खेल विभाग और सभी खेल संघ मिलकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएंगे। यह आयोजन प्रदेश में यूथ गेम्स को टीम चयन की स्थायी प्रक्रिया के रूप में स्थापित करेगा।मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए देश में सकारात्मक माहौल बनाया है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निरंतर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। इसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी ‘खेलो’ के माध्यम से विश्व पटल पर नाम रोशन कर रहे हैं। जनवरी 2026 में आयोजित होने वाले खेलो एमपी यूथ गेम्स को मध्यप्रदेश के ओलिम्पिक के रूप में विकसित किया जा रहा है। आयोजन 10 से 31 जनवरी तक चलेगा।
ब्लॉक स्तरीय: 10–15 जनवरी
जिला स्तरीय: 16–20 जनवरी
संभाग स्तरीय: 21–25 जनवरी
राज्य स्तरीय: 28–31 जनवरी 2026
इस महाआयोजन का लॉन्च मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। प्रतियोगिताएं भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन और शहडोल संभाग में होंगी। प्रदेश के सभी 313 ब्लॉकों में खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जबकि प्रदेश स्तरीय समापन समारोह भोपाल में होगा। इस बार 27 खेलों को शामिल किया गया है और पारंपरिक खेलों को पहली बार मंच मिलेगा। पिट्ठू और रस्साकशी के साथ पहली बार क्रिकेट को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।
सभी खेलों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।उन्होंने कहा कि पहले खेल विभाग और खेल संघों की टीम चयन प्रक्रिया अलग-अलग होती थी, लेकिन अब सरकार और खेल संघ मिलकर चयन करेंगे, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलेगी और बड़े स्तर पर मजबूत प्रदेश टीम तैयार होगी।
यह भी पढ़ें : पिछली सरकारों के माफिया राज ने किया उत्तर प्रदेश का कॉपरेटिव क्षेत्र बर्बाद बोले : योगी आदित्यनाथ















