उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड और कोहरे की मार, शीत दिवस का अलर्ट जारी

Lucknow : उत्तर प्रदेश और पूरे उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण ठंड और घने कोहरे के लिए अलर्ट जारी किया है। पूरे प्रदेश में कड़ाके की सर्द हवाएं लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर रही हैं, जबकि दृश्यता कम होने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात भी बाधित हो रहे हैं।

शनिवार को लखनऊ हवाईअड्डे पर तीन, और वाराणसी एयरपोर्ट पर छह उड़ानें रद्द कर दी गईं। कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर एयरपोर्ट से भी उड़ानें देरी से चलीं। मौसम विभाग ने आगामी 24 से 48 घंटों के लिए पूरे प्रदेश में घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और कुछ के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट

शनिवार को कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा इटावा में 6.8 डिग्री, बुलंदशहर में 7 डिग्री और अयोध्या में 7.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। कानपुर, आगरा, प्रयागराज और गाजियाबाद में दृश्यता लगभग शून्य रही।

लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, बहराइच, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बस्ती, बरेली, शाहजहांपुर और नजीबाबाद में अत्यंत शीत दिवस की स्थितियां रही। वहीं, दोई, बलिया, चुर्क, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजीपुर, मुरादाबाद, इटावा और आगरा में शीत दिवस की स्थिति दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार को कुछ जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने से शीत दिवस की स्थितियों से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 24 दिसंबर से कोहरे और बढ़ने की उम्मीद है, साथ ही तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री की गिरावट होने का अनुमान है।

रेड अलर्ट वाले जिले

कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आसपास के इलाके।

शीत दिवस और अत्यंत शीत दिवस क्या हैं?

मौसम विज्ञान के अनुसार, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होने और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने पर शीत दिवस की स्थिति मानी जाती है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री से अधिक गिरने पर इसे अत्यंत शीत दिवस कहा जाता है।

पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में ठंड और बढ़ेगी

उत्तर प्रदेश के साथ ही पूरा उत्तर भारत भी ठंड की चपेट में है। दिल्ली में शनिवार को 129 उड़ानें रद्द हो गईं। हिमाचल प्रदेश, कश्मीर घाटी और लद्दाख में पिछले 24 घंटों में तापमान में गिरावट देखी गई है। अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में बारिश और भारी बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल के 10 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे गिर गया। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ेगी और लोगों को सर्दी से बचाव के लिए सावधानी बरतनी होगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें