Basti : पुरानी रंजिश में छात्रा की हत्या का आरोप, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

Bankati, Basti : परिजनों ने पुरानी दुश्मनी के चलते छात्रा की हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गत 17 फरवरी की सुबह सेल्हरा गांव स्थित कुआनो नदी के घाट पर एक छात्रा का शव उतराता मिला था। उसने स्कूली ड्रेस पहन रखी थी। मृतका की पहचान इसी थाना क्षेत्र के बरोहिया निवासी विक्रम की पुत्री पिंकी 17 के रूप में हुई थी। वह 11 फरवरी से अपने घर से लापता थी।

पिंकी के पिता विक्रम ने 12 फरवरी को लालगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। विक्रम ने बताया कि पिंकी आरसी हायर सेकेंडरी स्कूल बरोहिया में कक्षा 12 की छात्रा थी। 11 फरवरी को वह राम केवल आदर्श इंटर कॉलेज महथा में प्रयोगात्मक परीक्षा देने गई थी। परीक्षा देकर घर लौटने के बाद उसने स्कूल ड्रेस नहीं उतारी थी और उसी दिन देर रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी।

घर से लापता होने के छह दिन बाद, घर से लगभग पांच किलोमीटर दूर कुआनो नदी के सेल्हरा घाट पर उसका शव मिला था।

अब इस मामले में मृतका पिंकी की मां शर्मिला देवी ने कोर्ट के माध्यम से प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि पुरानी दुश्मनी के कारण कुछ लोगों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से नदी में फेंक दिया था।

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शर्मिला देवी की तहरीर के आधार पर ठुकठुइया निवासी गंगासरन, सरोजनी और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें