
Shahjahanpur : यूपी के शाहजहांपुर जनपद में शुक्रवार को सर्दियों के बढ़ते मौसम के बीच कोहरे ने भी दस्तक दे दी। एक ओर कोहरे से फसलों को लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर यह यातायात के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। कोहरे के बढ़ते प्रभाव से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
शुक्रवार को सीजन के पहले कोहरे ने अधिक प्रकोप किया और सुहावना मौसम अचानक अंधेरी रात जैसी स्थिति में बदल गया। गुरुवार शाम से ही वातावरण में फैली कोहरे की चादर सुबह तक घने कोहरे में बदल गई, जिससे स्टेट हाइवे पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
दिसंबर के दूसरे सप्ताह में कोहरे ने अपनी मौजूदगी का अहसास कराया। गुरुवार रात से पूरे क्षेत्र में फैल रही कोहरे की चादर शुक्रवार की सुबह घने कोहरे में बदल गई, जिससे सड़क पर दृश्यता लगभग सात-आठ मीटर तक सीमित रह गई। इससे वाहन चालकों को लाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ा। सुबह लगभग दस बजे तक समूचा क्षेत्र कोहरे की चादर में ढका रहा।
कोहरे के कारण लोगों को सर्दी का एहसास हुआ और कोचिंग जाने वाले बच्चों सहित जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कोहरे में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के कारण वाहनों की गति धीमी रही।










