
सुल्तानपुर। हलियापुर थाना क्षेत्र के नरगेसवा मजरे में शुक्रवार को मातम का माहौल तब गहरा गया,जब सऊदी अरब के दमाम में दुर्घटना का शिकार हुए युवक लल्लन (25) का शव देर रात गांव पहुंचा। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।परिजनों के मुताबिक लल्लन 17 सितंबर 2024 को अपने रिश्तेदार के साथ रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी गया था। दमाम में वह मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान आठ फरवरी 2025 को सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कोमा में चला गया। लंबे समय तक इलाज चलने के बावजूद उसे होश नहीं आया। आर्थिक कमजोरियों के चलते परिवार उसे स्वदेश भी नहीं ला सका। 17 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार देर रात उसका शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से परिजन उसे गांव ले आए। शुक्रवार सुबह से शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।दोपहर में गांव के बगल स्थित जंगल में लल्लन को दफनाया गया। पिता विंध्यादीन, माता, बाबा देवी प्रसाद, पत्नी सुनीता और चार वर्षीय बेटे कार्तिक का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।










