पंचायतों की कमान अब प्रशासकों के हाथ में जाने के संकेत, तय अवधि में पंचायत चुनाव के आसार कम !

Lucknow : यूपी पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। तय समय सीमा में चुनाव होने की संभावना काफी कम दिख रही है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि पंचायतों का कामकाज प्रशासक संभाल सकते हैं।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर कराना मुश्किल नजर आ रहा है क्योंकि वर्ष 2021 में अलग-अलग तिथियों पर पंचायत प्रतिनिधियों ने शपथ ली थी। कार्यभार ग्रहण करने की तिथि के आधार पर ही उनका कार्यकाल पूरा होगा।

निदेशक पंचायती राज ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों के कार्यकाल का विवरण जिलाधिकारियों से मांगा है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 के चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों एवं अध्यक्षों ने 12 जुलाई को शपथ ली थी। उनका कार्यकाल 11 जुलाई 2026 को पूरा होगा।

इसी तरह क्षेत्र पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख 20 जुलाई 2021 को शपथ ग्रहण किए थे, जिनका कार्यकाल 19 जुलाई 2026 तक चलेगा। ग्राम पंचायत सदस्य और प्रधानों का कार्यकाल 27 मई 2021 से शुरू हुआ था, जो 26 मई 2026 को समाप्त होगा।

हालांकि 448 ग्राम पंचायतों में कोरम अधूरा रहने के कारण समय पर प्रधान शपथ नहीं ले पाए थे। उपचुनाव के बाद कोरम पूरा हुआ और इन प्रधानों को 20 जून 2021 को शपथ दिलाई गई। अब इनका कार्यकाल 19 जून 2026 तक रहेगा।

चूंकि कार्यकाल खत्म होने से पहले चुनाव नहीं हो सकते, इसलिए जिन पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल पहले पूरा होगा, वहां प्रशासक नियुक्त किए जाने की पूरी संभावना है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें