
Lucknow : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देश भर में इंडिगो की फ्लाइटों के कैंसिल होने से यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर कहा कि अगर उद्योगपतियों को ताकतवर बना देंगे तो वे सरकार पर दबाव बनाएंगे। सरकार के ऊपर जाकर काम करेंगे। इंडिगो पर सरकार का दबाव नहीं है। इंडिगो वालों से भाजपा ने इलेक्टोरल बांड लिए थे सरकार पर पूंजीवादी हावी हैं।
भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। नौकरी, रोजगार नहीं है। थानों में लूट मची है। रूपया लगातार नीचे जा रहा है। रूपया गिरते-गिरते डालर के मुकाबले 90 रूपया पर पहुंच गया। डालर की कीमत बढ़ रही है। अर्थव्यवस्था पर बड़ा संकट है। भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार हर मामले में फेल है। भाजपा सरकार जनता से सच्चाई छिपाना चाहती है।
सहारनपुर में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनहित में कोई काम नहीं कर रही है। किसान, नौजवान, मजदूर हर वर्ग परेशान है। भाजपा भावनाओं की राजनीति कर सरकार चला रही है। भाजपा सरकार संविधान से नहीं चल रही है। श्री यादव ने कहा कि सरकार को संविधान से चलना चाहिए। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने जो रास्ता दिखाया है जो संविधान बनाया हैं, सरकारों को उसी रास्ते पर चलना चाहिए।
अखिलेश यादव ने एसआईआर को लेकर कहा कि चुनाव आयोग का कार्य ज्यादा से ज्यादा लोगों का वोट बनवाने के लिए होना चाहिए लेकिन इधर देखा जा रहा है कि वोट काटा जा रहा है। भाजपा उत्तर प्रदेश में हार गयी है इसीलिए वोट काटा जा रहा है। जो स्थिति है उससे हमारा अनुमान है कि दो करोड़ से तीन करोड़ लोगों का वोट कटेगा। जनता अपने वोट जुड़वाने के लिए कागज ढूंढ रही है। बड़े पैमाने पर लोगों के वोट काटे जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि सबके पास आधर कार्ड है। आधार कार्ड पर फिंगरप्रिंट है। आधार में आंख की रेटिना का भी फोटो ले रखा है। सब कुछ जानकारी आधार कार्ड में है। अगर आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है तो लोगों का वोट नहीं कटता। सबका वोट बन जाता। इतना फार्म नहीं भरना पड़ता। इतने कागज नहीं ढूंढ़ने पड़ते। अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। बीएलओ को गली-गली, घर-घर नहीं घूमना पड़ता। बीएलओ की जान भी नहीं जाती लेकिन भाजपा सरकार जानबूझ कर जनता को परेशान कर रही है। इसी तरह से नोटबंदी में जनता को परेशान किया गया था। कोविड में परेशान किया गया। भाजपा के लोग झूठे हैं। महाकुंभ में बहुत लोगों की जान चली गयी। सरकार ने सही आंकड़ा नहीं बताया।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने जो-जो वादे किये उन्हें पूरे नहीं किये। विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हरा देगी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में जनता ऐतिहासिक परिणाम देगी।
सहारनपुर की जनता ने लोकसभा चुनाव में गठबंधन की मदद की है। हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में भी सहारनपुर की जनता समाजवादी पार्टी और गठबंधन की मदद करेगी और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।










