75 साल की उम्र में भी खूबसूरत, 55 साल बाद सामने आई ‘मेरा नाम जोकर’ की रूसी अभिनेत्री की तस्वीर

New Delhi : 1970 में रिलीज हुई राज कपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर भारतीय सिनेमा की एक यादगार लेकिन विवादास्पद फिल्म रही। 4 घंटे 15 मिनट लंबी इस फिल्म को राज कपूर ने डायरेक्ट किया था और खुद लीड रोल भी निभाया था। यह फिल्म उनके लिए ड्रीम प्रोजेक्ट थी, जिसमें सिमी गिरेवाल, धर्मेंद्र और कई अन्य कलाकारों ने अहम भूमिकाएँ निभाईं।

लेकिन फिल्म में एक विदेशी चेहरा भी दर्शकों का ध्यान खींचता था रूस की अभिनेत्री सेनिया रियाबिनकिना, जिन्होंने फिल्म में मारिया के किरदार में सर्कस की लड़की का रोल निभाया था। फिल्म के समय सेनिया सिर्फ 25 साल की थीं और उनकी खूबसूरती को देखकर हर कोई मोहित हो गया था।

55 साल बाद बदल गया लुक
हाल ही में सेनिया रियाबिनकिना की लेटेस्ट तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। इसमें 75 साल की सेनिया रूस में अपने घर के बाहर हाथों में गुलदस्ता लिए नजर आ रही हैं। तस्वीर देखकर पता चलता है कि उम्र के बावजूद उनके चेहरे की सादगी और शांति आज भी मेरा नाम जोकर की मारिया जैसी है। भले ही उनका लुक बदल गया है, लेकिन उनकी मुस्कान और सहजता अभी भी दर्शकों को प्रभावित करती है।

फिल्म की असफलता और राज कपूर का संघर्ष
मालूम हो कि सेनिया ने फिल्म में रूस से आई सर्कस की लड़की की भूमिका को बखूबी निभाया, जिसे दर्शकों ने पसंद भी किया। लेकिन मेरा नाम जोकर कमर्शियल हिट नहीं हो सकी और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। इस असफलता ने राज कपूर को गहरे सदमे में डाल दिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की निराशाजनक प्रतिक्रिया के कारण राज कपूर काफी समय तक टूटे हुए महसूस कर रहे थे।

फिर भी, कुछ साल बाद राज कपूर ने अपने बेटे ऋषि कपूर की डेब्यू फिल्म बॉबी बनाकर बॉलीवुड में जोरदार वापसी की और सफलता हासिल की।

सेनिया की जिंदगी अब
वर्तमान में सेनिया रियाबिनकिना रूस में अपने परिवार के साथ शांति और सादगी से जीवन व्यतीत कर रही हैं। उनके फैंस उनके पुराने अंदाज और वर्तमान लुक दोनों का जश्न मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों को लेकर भी जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें