
- वर्चस्ववादी लोगों ने कई बार पीडीए के लोगों का अपमानित किया सुप्रीम कोर्ट में जूता फेंका
Lucknow : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश का नारा जय जवान, जय किसान, जय संविधान होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान को लेकर कोई पक्ष-विपक्ष नहीं होना चाहिए, सबको एक तरफ़, एक मत होना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान सिर्फ़ एक किताब नहीं, बल्कि देश की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि संसद में संविधान को बचाने पर बहस हो रही है, जबकि संविधान के हिसाब से देश को आगे बढ़ाने की चर्चा होनी चाहिए। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आज हम सभी लोग बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर को उनके परिनिर्वाण दिवस पर याद कर रहे हैं। बाबा साहब ने देश को संविधान दिया है। उसी संविधान की वजह से हक और अधिकार मिल रहा है। संविधान की किताब पीडीए के लिए किस्मत की किताब है।
सभी लोगों ने देखा है कि वर्चस्ववादी और ताकतवर लोगों ने कई बार पीडीए के लोगों का अपमान किया है। सुप्रीम कोर्ट में जूता तक फेक दिया गया।
उन्होंने कहा कि जो संविधान को कमज़ोर करना चाहते हैं, वो लोकतंत्र को कमज़ोर करना चाहते हैं और लोकतंत्र के विरोधी वही होते हैं जो एकतंत्र लाना चाहते हैं। शनिवार को आगरा दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज हर तरफ एसआईआर की चर्चा है। सभी लोगों को वोट बनवाना है। वोट कटने से बचाना है। वोट जोड़ना है। चुनाव आयोग का काम है ज्यादा से ज्यादा लोगों का वोट बने। वोट जुड़े। लेकिन देखा जा रहा है एसआईआर के बहाने कुछ लोग वोट काटना चाहते हैं। पहली बार सुनने में आ रहा है कि संविधान से बनी हुई संस्था वोट बनवाने से ज्यादा वोट कटवाने की चिंता कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मेरी हर नागरिक से अपील है कि अपना वोट बनवाये और वोटर लिस्ट में जुडवाएं। आगरा के लोगों ने महसूस कर लिया है कि आगरा में मेट्रो समाजवादी सरकार की देन है। नदी पर लखनऊ के गोमती नदी जैसा रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। यमुना नदी भी मथुरा से लेकर आगरा तक साफ बहेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि फतेहपुर सीकरी हमारी मिली-जुली संस्कृति की याद दिलाता है। अखिलेश यादव ने फतेहपुर सीकरी में शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाकर देश की तरक्की, अमन-चैन, भाई-चारे के लिए दुआ मांगी। इस अवसर पर मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव और राज्य सभा सांसद जया बच्चन मौजूद रहीं।











