
Sitapur : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सीतापुर भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एसआईआर प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे देश के लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि यह एक अत्यधिक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें मतदाताओं और सरकारी कर्मचारियों की पूरी मदद सुनिश्चित करनी है ताकि किसी को भी कठिनाई न हो।
उन्होंने विपक्ष की आलोचना पर कहा कि विपक्ष लगातार भ्रामक बातें कर रहा है, जबकि यह प्रक्रिया मतदाताओं के हित में है।
राष्ट्र सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण: नीरज सिंह
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला और जिला प्रभारी नीरज सिंह ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
जिला प्रभारी नीरज सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों को समझता है। उन्होंने एसआईआर को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया हमारे लोकतंत्र की मजबूत तस्वीर दुनिया के सामने पेश करेगी और देश में घुसपैठियों के रूप में रह रहे अनधिकृत विदेशियों को बाहर निकालने का कार्य करेगी।

राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ता
जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना है और पार्टी के विजन को साकार करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है और लोकतंत्र से जुड़ी यह प्रक्रिया भी राष्ट्र सेवा का ही एक हिस्सा है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से शेष दिनों में लक्ष्य की पूर्ति के लिए पूरी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, सिधौली विधायक मनीष रावत, निवर्तमान लहरपुर विधायक सुनील वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, राकेश त्रिपाठी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कुंडी खटकाओ अभियान के तहत डोर-टू-डोर पहुंचे डिप्टी सीएम
सीतापुर। समीक्षा बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सीधे जनता के बीच पहुंचे, जहाँ उन्होंने ‘कुंडी खटकाओ अभियान’ के तहत एसआईआर प्रक्रिया के लिए जागरूकता अभियान चलाया।
वे लोहार बाग स्थित बूथ संख्या 216 पर पहुंचे और डोर-टू-डोर संपर्क अभियान के दौरान लोगों से बातचीत की। उन्होंने मतदाताओं को एसआईआर के महत्व के बारे में बताया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे सरकारी नियमों का पालन करते हुए इस महत्वपूर्ण राष्ट्र सेवा के कार्य में पूरी ऊर्जा लगाएं और मतदाताओं को सहयोग करें।
इस दौरान महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, एमएलसी पवन सिंह चौहान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नमिता अवस्थी के निधन पर जताया शोक
सीतापुर। एकदिवसीय दौरे के अन्य सभी कार्यक्रमों के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक विजयलक्ष्मी नगर स्थित भाजपा नेता मुनेंद्र अवस्थी के आवास पहुंचे।
वे भाजपा नेता मुनेंद्र अवस्थी की दिवंगत पत्नी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नमिता अवस्थी के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे।
उन्होंने नमिता अवस्थी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान मुनेंद्र अवस्थी, पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, नामेंद्र अवस्थी, यतींद्र अवस्थी सहित अनेक पार्टी सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।










