
Lucknow : लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र की LDA कॉलोनी में दहेज उत्पीड़न का बड़ा मामला सामने आया है। युवक ने तीसरी शादी की। नई पत्नी से घरेलू काम करवाए और उसे खाना तक नहीं देते थे। पीड़िता जब सरोजनी नगर थाने पहुंची तो उसकी FIR नहीं लिखी गई।
उसे महिला थाने भेजा। वहां उसने शिकायत दी तो उसे सरोजनी नगर थाने भेज दिया गया। इस अव्यवस्था से दुखी होकर उसे मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत की तो वहां से थाने को सीधा आदेश आ गया। उसके बाद अब सरोजनी नगर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।

कम दहेज लाने का ताना देकर अपमानित करते
पीड़िता निकिता महाजन ने अपने पति हरदेश महाजन और सास आशा महाजन पर दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, धोखे से विवाह करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। निकिता के अनुसार, उसका विवाह 8 जून 2020 को आर्य समाज पद्धति से हरदेश महाजन के साथ हुआ था।
विवाह के कुछ दिनों बाद से ही पति हरदेश और सास आशा महाजन द्वारा कम दहेज लाने का ताना देकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे रोजाना गालियां देते थे, अपमानित करते थे और घरेलू काम करवाने के बाद भोजन तक नहीं देते थे।

गहने भी रख लिए, घर से निकाला
निकिता का आरोप है कि विवाह के बाद उसे पता चला कि उसके पति ने उससे पहले दो विवाह और किए थे। इस जानकारी को विवाह से पहले उससे और उसकी मां से छिपाया गया था। जब पीड़िता ने कागजात दिखाने की मांग की, तो पति और सास हमेशा बहाना बनाकर टालते रहे।
पीड़िता का यह भी कहना है कि उसके गहने भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए, जिसे नहीं दे रहे थे। आरोप है कि 22 अप्रैल 2022 को पति और सास ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। तब से वह अपनी मां के साथ रह रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में लगाई गुहार
इस घटना के बाद निकिता ने महिला थाना और सरोजनी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों थानों ने उसे एक-दूसरे के पास भेज दिया। इसके बाद पीड़िता ने मुख्यमंत्री कार्यालय में गुहार लगाई।
पीड़िता का कहना है कि पति मोबाइल फोन पर लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे उसका पूरा परिवार भयभीत है। उसे आशंका है कि किसी भी समय उसके या उसके मायकेवालों के साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है।












