लखनऊ की मेनका सोनी बनीं वॉशिंगटन के रेडमंड शहर की पहली भारतीय-अमेरिकी महिला काउंसिलर

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ से ताल्लुक रखने वाली मेनका सोनी को अमेरिका के वॉशिंगटन स्थित रेडमंड शहर की सिटी काउंसिल के लिए चुना गया है। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली प्रवासी भारतीय-अमेरिकी महिला बन गई हैं। शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने श्रीमद्भगवद गीता हाथ में लेकर शपथ ली और भारतीय कढ़ाई वाले पैंट-सूट में अपने सांस्कृतिक गौरव का प्रदर्शन किया। जज रसेल ने उन्हें शपथ दिलाई।

रेडमंड शहर माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक मुख्यालय और अमेरिका के प्रमुख टेक हब के रूप में जाना जाता है। मेनका की इस उपलब्धि को भारतीय-अमेरिकी समुदाय में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। शपथ समारोह में मेयर एंजेला बिर्नी, सिटी काउंसिल सदस्य सहित बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए।

8 साल से पद पर काबिज प्रतिद्वंद्वी को हराया
मेनका सोनी ने आठ वर्षों से सत्ता में जमे अपने प्रतिद्वंद्वी को परास्त कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद सिएटल में भारत के कांसुल जनरल प्रकाश गुप्ता ने उन्हें सम्मानित किया।

लखनऊ विश्वविद्यालय से पढ़ाई, वैश्विक कंपनियों में अनुभव
आगरा में जन्मीं और लखनऊ में पली-बढ़ीं मेनका ने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक किया। वे 30 से अधिक वर्षों से कॉर्पोरेट जगत में सक्रिय हैं और माइक्रोसॉफ्ट, स्टारबक्स, जनरल मोटर्स एवं टी-मोबाइल जैसी दिग्गज कंपनियों में काम कर चुकी हैं।

मानवीय सेवाओं में अग्रणी, कई सम्मान प्राप्त
वे AmPowering नामक एनजीओ की संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं, जिसने अब तक 5 लाख से अधिक जरूरतमंदों की मदद की है। उन्हें यूएस कांग्रेस का Top-20 Influential Women Award और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा President Lifetime Achievement Award 2024 भी मिल चुका है।

“समुदाय की जीत है यह”—मेनका सोनी
अपनी जीत पर उन्होंने कहा—
“गीता हाथ में लेकर शपथ लेना मेरे लिए सत्य, कर्तव्य और सेवा के मूल्यों को निभाने की प्रतिज्ञा है। रेडमंड के विविध और प्रतिभाशाली नागरिकों का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है।”

उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता—
• सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा
• सुलभ एवं न्यायसंगत आवास
• छोटे व्यवसायों और आर्थिक विकास को बढ़ावा
• शहर की सुरक्षा एवं सतत विकास पर फोकस
• हर आवाज का सम्मान और समावेश

उनकी यह उपलब्धि भारतीय समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनी है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें