
सवाई माधोपुर : रणथंभौर के जंगलों से आवासीय क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार देर रात एक लेपर्ड पटेल नगर कॉलोनी में देखा गया, जो अनाज मंडी के पीछे स्थित है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे ने इस घटना को स्पष्ट रूप से कैद कर लिया।
कॉलोनी निवासी मुकेश सतरवाल ने बताया कि उन्होंने सुबह सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें रात लगभग दो बजे लेपर्ड उनके घर के सामने से गुजरता दिख रहा है। वीडियो में लेपर्ड आम रास्ते से कॉलोनी में चलते हुए और बिना शोर-शराबे के जंगल की ओर लौटते हुए दिखाई दिया।
गौरतलब है कि आठ महीने पहले भी इसी कॉलोनी में लेपर्ड देखा गया था। रणथंभौर क्षेत्र में बाघ और लेपर्ड का कॉलोनियों और खेतों के आसपास दिखाई देना आम हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत और वन्यजीव विभाग में सतर्कता बनी हुई है।











