
खुर्जा (बुलंदशहर) : यूपी के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में दिनदहाड़े गोलीकांड की घटना सामने आई। मंगलवार को कोर्ट से तारीख कर लौट रहे 21 वर्षीय अर्जुन उर्फ अनु को ककराला चौराहा के पास अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर घायल कर दिया। घटना में एक गोली युवक की पीठ में लगी जबकि एक गोली सिर को छूते हुए निकल गई।
घटना की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी। घायल अर्जुन को तुरंत खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उच्चतर चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन का कुछ महीने पहले एक झगड़े का मामला था, जो वर्तमान में खुर्जा न्यायालय में विचाराधीन है। घटना के समय वह बाइक से घर लौट रहा था। एंबुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने अपनी गाड़ी में अर्जुन को अस्पताल पहुंचाया।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और फिलहाल अर्जुन की स्थिति खतरे से बाहर है।











