Kannauj : धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष गिरफ्तार

Kannauj : भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सूरज कुमार पर हिंदू देवी देवताओं का अपमान करने और सनातन धर्म को अपमानित करने का आरोप है। ग्रामीणों द्वारा शिकायत और प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एसपी के निर्देश पर सोमवार को जिलाध्यक्ष को उनके ही घर से गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि गत दिन जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष ने हिन्दू देवी देवताओं पर टिप्पणी की, जिसके बाद गांव में ग्रामीणों और सनातन धर्म से जुड़े लोगों की जिलाध्यक्ष और उनके साथ मौजूद संगठन के लोगों से बहस हो गई। माहौल गर्म होने के कारण संगठन के लोग मौके से चले गए।

ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर पुलिस को शिकायत पत्र सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष पर सनातन धर्म को अपमानित करने का आरोप भी लगाया।

गांव के ग्रामीण जीत सिंह पुत्र संतोष सिंह आदि ने बताया कि बीती 29 नवंबर को गांव में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अपने आधा दर्जन साथियों के साथ पहुंचे थे। कार्यक्रम में मंच से जिलाध्यक्ष ने हिन्दू देवी देवताओं के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। जब कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो जिलाध्यक्ष सूरज कुमार और उनके साथियों ने अभद्रता की और ग्रामीणों से मारपीट की। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान संगठन के लोगों ने विरोध करने वाले ग्रामीणों को जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसा देने की धमकी दी।

मामला उग्र होने पर जिलाध्यक्ष और उनके साथी मौके से चले गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामला जिले के पुलिस कप्तान विनोद कुमार तक पहुंचा। पुलिस कप्तान ने मामले की जांच पड़ताल कराने और जिलाध्यक्ष को तलाशने के आदेश दिए। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने सूरज कुमार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान गांव में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद रही।

यह भी पढ़े : विमान ईंधन की कीमत 5.4 फीसदी बढ़ी, नई दरें लागू

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें