
देहरादून : पुरोला के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने क्षेत्रीय विकास और जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय पहल करते हुए हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने के दौरान मिले फीडबैक और जमीनी समस्याओं को उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई कई घोषणाएँ अब साकार रूप ले चुकी हैं, कई परियोजनाओं का लोकार्पण हो गया है, जबकि कुछ विकास कार्य प्रगति पर हैं। जिन योजनाओं की रफ्तार धीमी है, उन्हें गति देने का आग्रह उन्होंने मुख्यमंत्री से किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बताया कि क्षेत्र के कई लोग गंभीर बीमारियों का सामना कर रहे हैं और देहरादून, दिल्ली, चंडीगढ़ समेत कई बड़े शहरों के अस्पतालों में उपचाररत हैं। जहां आयुष्मान योजना लागू है, वहां मरीजों को राहत मिल रही है, लेकिन जिन अस्पतालों में यह योजना लागू नहीं है, वहां रोगियों को इलाज के लिए आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष और विवेकाधीन कोष से ऐसे जरूरतमंद मरीजों के लिए आर्थिक सहायता जारी करने का अनुरोध भी किया है।















