
Noorpur, Bijnor : गैस सिलेंडर में आग लगने से एक गरीब विधवा महिला का आशियाना जलकर खाक हो गया। बमुश्किल दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
कस्बे के मोहल्ला हजरत नगर निवासी फातमा, पत्नी स्वर्गीय मोहम्मद इस्लाम, घर में अकेली रहती हैं। गुरुवार दोपहर करीब बारह बजे वह गैस चूल्हे पर चाय बना रही थीं। चाय बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। महिला ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सिलेंडर में भी आग भड़क उठी।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दमकल विभाग को जानकारी दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने जब तक आग बुझाई, तब तक गरीब विधवा महिला का आशियाना जलकर खाक हो चुका था। आग से मकान की छत की कड़ियाँ जलकर राख हो गईं, जिससे मकान की छत भी नीचे गिर गई।
सर्दी के मौसम में बेबस महिला अब कैसे जीवन व्यतीत करेगी, यह चिंता का विषय है। घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रशासन को महिला की सहायता करनी चाहिए।










