
Puranpur, Pilibhit : मनरेगा कार्य कर लौट रहे मजदूर पर गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने अचानक हमला कर घायल कर दिया। खेतों में मौजूद ग्रामीणों के शोर-शराबा करने पर तेंदुआ मजदूर को छोड़कर गन्ने के खेतों में छिप गया। घायल मजदूर को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीटीआर के जंगल से निकलने वाले वन्यजीवों की दहशत कम नहीं हो रही है। बाघ, तेंदुआ लगातार क्षेत्र में हमला कर दहशत फैला रहे हैं। गुरुवार दोपहर करीब बारह बजे गाँव गजरौला खास निवासी राजाराम मनरेगा का कार्य कर घर वापस लौट रहे थे। राजाराम रास्ते में गाँव निवासी रामदयाल के पंपिंग सेट पर पानी पीने लगे। पंपिंग सेट से सटे गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने मजदूर पर हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के खेतों में मौजूद ग्रामीण शोर-शराबा करने लगे। तेंदुआ मजदूर को छोड़कर गन्ने के खेतों में भाग गया। मजदूर के सीने, पीठ, हाथ, पैर में पंजा लगने से वह लहूलुहान हो गया। परिजनों की मदद से गंभीर घायल मजदूर को सीएचसी लाया गया। सूचना पर वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मजदूर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।
उप क्षेत्रीय वनाधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि वन्यजीव हमले की सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई। घायल मजदूर का उपचार कराया जा रहा है। घटनास्थल पर पगमार्क नहीं मिले हैं। टीम निगरानी के लिए लगी हुई है।










