
Sonauli, Maharajganj : नेपाल सरकार के गृहमंत्री ओमप्रकाश अर्याल की उपस्थिति में एक दिवसीय लुम्बिनी प्रदेशस्तरीय सुरक्षा गोष्ठी 2082 भैरहवा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। यह कार्यक्रम नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय तथा लुम्बिनी प्रदेश सरकार के आन्तरिक मामिला तथा कानून मन्त्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।
गोष्ठी में प्रदेश के सुरक्षा परिदृश्य, सीमा प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, अवैध आवागमन, आर्थिक अपराध तथा सामाजिक शांति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। गृहमंत्री अर्याल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह गोष्ठी केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि परिणाममुखी होनी चाहिए। प्रत्येक जिले में सुरक्षा से जुड़े उभरते जोखिम, सीमा चुनौतियाँ और अपराध के नए तरीकों पर गहन अध्ययन कर प्रभावशाली रणनीति बनाई जानी चाहिए।
गृहमंत्री ने विश्वास जताया कि चर्चा से निकले सुझाव प्रदेश में पूर्ण शांति और सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा रणनीति को व्यवहारिक और प्रभावी बनाया जाए, ताकि जनता को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
नेपाल में आगामी चुनावी प्रक्रिया नज़दीक आने के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्रों को विशेष संवेदनशील घोषित किया है। विशेषज्ञों और सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि चुनावी अवधि में भारत–नेपाल खुली सीमा पर लोगों और सामान की आवाजाही बढ़ जाती है। इस दौरान एसएसबी भारत, नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी, इमिग्रेशन और कस्टम के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग और संयुक्त गश्त पर ज़ोर दिया गया।
चुनावी समय में किसी भी बाहरी हस्तक्षेप, गैरकानूनी आवागमन या आपराधिक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। विशेषकर पश्चिम बंगाल और बिहार की ओर से होने वाली अनियंत्रित आवाजाही तथा बाहरी नागरिकों द्वारा अवैध प्रवेश की कोशिशों को रोकने हेतु सीमा चौकियों को सुदृढ़ करने की सिफारिश की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब, मादक पदार्थ, अवैध धन और संवेदनशील सामग्री की तस्करी, बाहरी तत्वों का राजनीतिक गतिविधियों में दखल तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में भीड़ या तनाव की संभावना को ध्यान में रखते हुए ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा एक ऐतिहासिक विरासत और जन–जन के रिश्ते का प्रतीक है। प्रदेशस्तरीय सुरक्षा गोष्ठी लुम्बिनी प्रदेश की सुरक्षा रणनीति को नई दिशा देने वाली साबित हुई। गृहमंत्री अर्याल का संदेश स्पष्ट रहा—शांति, सुरक्षा और सुशासन ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नेपाल–भारत पत्रकारों की मुलाक़ात
नेपाल के गृहमंत्री ओमप्रकाश अर्याल से भारत के महाराजगंज प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुलाक़ात कर सीमा सुरक्षा, पर्यटन और मीडिया सहयोग पर विस्तृत चर्चा की। यह बैठक लुम्बिनी प्रदेश में आयोजित सुरक्षा सत्र के दौरान हुई।
गृहमंत्री अर्याल ने कहा कि भारत और नेपाल भावनात्मक रूप से जुड़े राष्ट्र हैं और निष्पक्ष पत्रकारिता से सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और व्यापार को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नेपाल सरकार सीमा प्रबंधन और सुशासन को लेकर ठोस कदम उठा रही है।
भारतीय पत्रकारों ने सोनौली–बेलहिया बॉर्डर पर यातायात सुधार, व्यापार व पर्यटकों की सुगम आवाजाही तथा संयुक्त मीडिया कार्यक्रमों की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। गृहमंत्री ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि दोनों देशों की एजेंसियाँ बेहतर समन्वय में काम कर रही हैं। यह मुलाक़ात द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, नौतनवा तहसील अध्यक्ष आलोक जोशी और उपाध्यक्ष सुदेश त्रिपाठी ने गृहमंत्री से कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।











