
Banda : श्रीराम-सीता विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बैंडबाजों के बीच भव्य बारात निकाली गई और परंपरागत तरीके से विवाह की रस्में पूरी की गईं। पैर पूजन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे। बुधवार को श्रीराम कलेवा (छप्पन भोग) का आयोजन होगा।
अयोध्यावासी वैश्य पंचायती श्रीराम मंदिर बन्योटा में मंगलवार को वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित हुए। श्रद्धालुओं ने राम बारात निकाली, बैंडबाजों की धुन पर महिला-पुरुष थिरकते रहे। पटाखे भी छोड़े गए। शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों की झांकी तथा सजे-धजे नृत्य करते घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे।
जगह-जगह राम भक्तों ने बारात में पुष्प वर्षा कर पूजा-अर्चना की। बारातियों का स्वागत भी किया गया। कैलाशपुरी, बलखंडी नाका, कोतवाली रोड, छोटी बाजार, झंडा चौराहा से होकर बारात वापस मंदिर पहुंची। राम भक्तों ने जगह-जगह मंगल आरती कर प्रभु श्रीराम से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ। जयमाल और पैर पूजने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। ढोलक की थाप पर महिलाओं ने विवाह गीत जैसे ‘हरे बांस मंडप छाए’, ‘सियाजू को राम ब्याहन आए’ आदि गाए।
वैवाहिक कार्यक्रम के पश्चात कन्या भोज व भंडारा आयोजित हुआ। सैकड़ों कन्याओं और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नगर पालिका चेयरमैन मालती गुप्ता बासु, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सदर विधायक ने आरती उतारी और पैर पूजन किया
शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करने के बाद श्रीराम बारात मंदिर पहुंची। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भगवान और माता जानकी के स्वरूपों की विधिवत आरती उतारी और पैर पूजन की रस्म अदा की। उन्होंने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।










