Basti : एसआईआर प्रक्रिया जल्दबाजी में न हो, बोले- कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी

Basti : कांग्रेस मतदाता सूची पुनरीक्षण ‘एस.आई.आर.’ की विरोधी नहीं है, किन्तु इसे जल्दबाजी में नहीं किया जाना चाहिए। यह विचार मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने व्यक्त किए। वे कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

पत्रकारों के सवालों का उत्तर देते हुए विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में बी.एल.ओ. को पूरा समय दिया जाना चाहिए। किन्तु न जाने किस मंशा से चुनाव आयोग ने केवल एक माह का समय निर्धारित किया है। बी.एल.ओ. तनाव और दबाव में काम कर रहे हैं। ऐसे में चुनाव आयोग को समय बढ़ाना चाहिए ताकि पारदर्शी मतदाता सूची बन सके।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण ‘एस.आई.आर.’ को लेकर चुनाव आयोग की नीयत साफ नहीं दिख रही है। वह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को लाभ पहुंचाने की मंशा से काम कर रहा है। यह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। चुनाव आयोग का लक्ष्य निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना होना चाहिए, जो एक माह में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग तत्काल प्रभाव से समय बढ़ाए।

प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से संदीप श्रीवास्तव, डॉ. वाहिद सिद्दीकी, अलीम अख्तर, बृजेश आर्य, विजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें