उन्नाव : खाना बनाते समय हो गया सिलेंडर ब्लास्ट, महिला की दर्दनाक मौत

उन्नाव के शुक्लागंज क्षेत्र के गंगाघाट कोतवाली इलाके में मंगलवार सुबह एक दुखद हादसा हुआ। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के ब्लास्ट होने से एक महिला की मौत हो गई। इस भयावह धमाके और आग की लपटों से आसपास के लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए। गंभीर रूप से झुलसी हुई महिला का इलाज कानपुर के उर्सला अस्पताल में चल रहा था, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक महिला का नाम खुशबू गुप्ता (37) है, जो मोहल्ला गांधी नगर में रहती थीं। वह कानपुर के श्याम नगर स्थित एक निजी कार्यालय में काम करती थीं। रोज की तरह सुबह घर का काम निपटाने के बाद वह ऑफिस के लिए निकलती थीं। घटना से पहले, सुबह करीब 9 बजे, वह रसोई में खाना बना रही थीं। इस दौरान उनका सिलेंडर खत्म हो गया, तो उन्होंने दूसरा सिलेंडर लगाना चाहा। जैसे ही उन्होंने नया सिलेंडर बदला, वैसे ही अचानक तेज धमाका हुआ और रसोई में आग फैल गई। लपटों ने खुशबू को घेर लिया, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गईं।

धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग इसे भूकंप जैसी आवाज और कंपन मानकर दहशत में आ गए। पड़ोसी तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन रसोई से निकल रही भीषण आग और लपटों के कारण अंदर जाना कठिन था। बाद में पड़ोसी घरों की छतों के रास्ते से किसी तरह अंदर पहुंचकर, गीले कंबल की मदद से खुशबू को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें पहले आकाशगंगा नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने करीब आधे घंटे प्रयास किया, लेकिन सुबह 10 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के समय खुशबू की 16 वर्षीय बेटी शगुन स्कूल गई हुई थी। जैसे ही उसे घर पहुंचकर मां की मौत का पता चला, वह बेहोश होकर गिर गई। वहीं, खुशबू का पति सुभाष गुप्ता, जो रोज की तरह सुबह 8 बजे गुप्ता जनरल स्टोर खोलने निकले थे, हादसे की खबर सुनते ही तुरंत अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

गंगाघाट पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और गैस सिलेंडर व रेगुलेटर को कब्जे में ले लिया है। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। पुलिस अब इस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़े : ‘आप आर्मी में रहने के लायक नहीं’, रेजिमेंट के धर्मस्थल में ईसाई सेना अधिकारी ने जाने से किया मना, सुप्रीम कोर्ट ने बर्खास्तगी को बताया सही

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें