
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच शहर में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के कारण लोगों का जीना दुशवार हो रहा है। बता दें कि आज रविवार सुबह 7 बजे दिल्ली का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, साथ ही सुबह के समय में हल्का कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आसमान साफ रहेगा। इससे पहले शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। बता दें कि 25 नवंबर से लेकर 28 नवंबर के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के आसार जताए हैं। दिल्ली के आईटीओ क्षेत्र में सुबह विषैले धुएं की परत छाई रही।,मौसम विभाग की तरफ से रविवार को पारा 1-2 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना जताई गई थी।
प्रदूषण की बात करें, तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 381 दर्ज किया गया। दिल्ली के साथ ही एनसीआर के शहर फरीदाबाद में एक्यूआई 352, गुरुग्राम में 360, गाजियाबाद में 342, ग्रेटर नोएडा में 338 और नोएडा में 335 दर्ज किया गया है। राजधानी दिल्ली के इलाकों की बात करें, तो नजफगढ़ में 338, मेजर ध्यानचंद स्डेडियम में 324, जवाहरलाल नेहरू स्डेडियम क्षेत्र में 366, अलीपुर में 396, आनंद विहार में 429, अशोक विहार में 420, चांदनी चौक में 390, इहबास दिलशाद गार्डन में 318 और डीयू नॉर्थ कैंपस में एक्यूआई 400 दर्ज किया गया है। कुल मिलाकर दिल्ली के क्षेत्रों का एक्यूआई (बेहद खराब) श्रेणी में रहा है।















