
Badhapur, Bijnor : मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षित और स्वावलंबी जीवन जीने के लिए आवश्यक कानून, अधिकार और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। मदरसा इशातुल उलूम, मोहल्ला पक्का बाग कस्बा बढ़ापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में हे.का. आशीष, का. दानिश और म.का. अंजू ने महिलाओं को साइबर क्राइम, नए कानून, घरेलू हिंसा, यातायात नियमों सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम में महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, ऑनलाइन उत्पीड़न, अश्लील संदेश, मोबाइल और सोशल मीडिया के जरिए परेशान किए जाने जैसी समस्याओं पर जागरूक किया गया और बताया गया कि ऐसी स्थिति में तुरंत शिकायत कैसे दर्ज करें और मदद लेने के लिए किन आधिकारिक नंबरों का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही, साइबर अपराध से बचाव के तरीके और घटना के बाद उठाए जाने वाले कानूनी कदम भी समझाए गए।
इसके अलावा महिलाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा, आत्मरक्षा और अपने अधिकारों को समझकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, कानून की जानकारी देकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और समाज में सुरक्षित वातावरण तैयार करना रहा।










