पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप, उर्मिला सेनोवर ने फिर लगाया शोषण का आरोप

देहरादून : हरिद्वार की राजनीति एक बार फिर उथल-पुथल में है। ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर उनकी कथित पत्नी उर्मिला सेनोवर ने दोबारा गंभीर आरोप लगाए हैं। उर्मिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि पिछले चार वर्षों से उनका शोषण हो रहा है और उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रची जा रही है।

वीडियो में उर्मिला ने कहा कि उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चार दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वह भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर आत्मदाह करने को मजबूर होंगी। उनका आरोप है कि पूर्व विधायक ने रिश्ते का भरोसा देकर उन्हें अपने साथ रखा और बाद में मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया। उन्होंने पुलिस से सुरेश राठौर की गिरफ्तारी की भी मांग की है।

उर्मिला और सुरेश राठौर के संबंधों को लेकर पहले भी कई वीडियो सामने आ चुके हैं, जिनमें उर्मिला खुद को उनकी पत्नी बताती रही हैं। विवाद बढ़ने पर भाजपा ने सुरेश राठौर को पार्टी से बाहर कर दिया था। हाल ही में राठौर ने बयान दिया कि उनकी सिर्फ एक पत्नी है—रविंद्र कौर—और किसी अन्य महिला से उनका कोई संबंध नहीं है। लेकिन इस बयान के तुरंत बाद उर्मिला का नया वीडियो सामने आ गया, जिससे मामला फिर गरमा गया है।

उर्मिला के ताजा आरोपों के बाद पुलिस जांच की मांग जोर पकड़ रही है। वहीं भाजपा नेतृत्व इस विवाद पर चुप है। पार्टी प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि सुरेश राठौर को पहले ही पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है, और वह अब अपने व्यक्तिगत जीवन में क्या कर रहे हैं, यह उनका निजी मामला है। कानून अपना काम कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें