
Hamirpur : कुरारा ब्लॉक के झलोखर गांव की गौशाला में औचक निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिली हैं। गौशाला में भूसा, चारा और चोकर उपलब्ध नहीं मिला, गोवंशओ को पुआल खिलाया जा रहा था। पानी की चरही और टंकी बेहद गंदी मिली। काम में लापरवाही के चलते ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
गौशालाओं में अनियमितताओं पर लगाम कसने को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शिवनारायण कश्यप ने झलोखर गांव में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में चारों ओर भयंकर गंदगी पाई। भूसा, चारा और चोकर की कमी मिली,भूसा घर में भूसा नहीं था और चोकर भी उपलब्ध नहीं था। गौशाला में 72 पशु और तीन केयरटेकर मौजूद थे। गोवंशो को पुआल खिलाया जा रहा था। इसके अतिरिक्त, पानी की चरही और टंकी गंदी, काई लगी, गंदा पानी भरा पाया गया। बीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत के सचिव को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। समय से उत्तर नहीं मिलने पर एक महीने का वेतन काटा जाएगा। दो ग्राम पंचायतों की गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया है। जहां भी कमियां पाई गई हैं उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

चार महीने से नहीं मिला पैसा जेब से कर रहे खर्च :
ग्राम प्रधानों ने बताया कि गौशाला चार माह से संचालित की जा रही हैं। बावजूद इसके गौशालाओं के लिए अभी तक एक भी पैसा नहीं दिया गया है। बताया कि गोवंशो को किसी तरह अपनी जेब ए और उधार लेकर भूसा चारे की व्यवस्था की जा रही है।










