
Hathras : आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर थाना खंदौली क्षेत्र के पोड़िया गांव के पास हुए सड़क हादसे में शादी से लौट रहे युवक की मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बिधिपुर निवासी 22 वर्षीय कन्हैया पुत्र मुरली शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कन्हैया को तत्काल उपचार के लिए आगरा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव को घर ले आए।
परिजन शव को चौकी बिसावर लेकर पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सादाबाद कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।










