
कुआंवाला। उत्तराखंड क्रांति दल के एक दिवसीय विशेष अधिवेशन में सुरेंद्र कुकरेती को दल का केंद्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अधिवेशन में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने सहित कुल 25 प्रस्ताव पास किए गए।
दल के निवर्तमान केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत ने सुरेंद्र कुकरेती के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे शक्ति शैल कपरवान ने अनुमोदित किया। पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने केंद्रीय अध्यक्ष पद के लिए कुकरेती की नियुक्ति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारी के रूप में मजबूत स्तंभ सुरेंद्र कुकरेती उत्तराखंड क्रांति दल को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और राज्य आंदोलनकारियों के सपने साकार करेंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुकरेती ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। अधिवेशन में संरक्षक नारायण सिंह, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, खड़क सिंह बगड़वाल, विजय ध्यानी, जयप्रकाश उपाध्यक्ष, शांति प्रसाद, पंकज व्यास, राजेंद्र बिष्ट, रेखा मियां, प्रमिला रावत, शकुंतला रावत, राजेश्वरी रावत, गणेश कला, मनोज कंडवाल आदि उपस्थित रहे। संचालन किरण रावत ने किया।
अधिवेशन में पास किए गए प्रमुख प्रस्ताव:
- प्रदेश में सशक्त भू-कानून लागू किया जाए।
- मूल निवास 1950 लागू किया जाए।
- प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाया जाए।
- महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास कल्याण की विभिन्न योजनाएं लागू की जाएं।
- 300 यूनिट बिजली आवासीय प्रयोजन के लिए मुफ्त दी जाए।










