Bahraich : सलारगंज शेल्टर होम का डीएम ने किया निरीक्षण

  • 75 बेड की व्यवस्था से सुसज्जित है शेल्टर होम

Bahraich : ठण्ड एवं शीतलहरी से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के दृष्टिगत निराश्रित एवं असहाय तथा कमज़ोर वर्ग के असुरक्षित व्यक्तियों को राहत पहुॅचाये जाने के उद्देश्य से नगरीय विकास अभिकरण द्वारा मोहल्ला सलारगंज में निर्मित शेल्टर होम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बुधवार की रात्रि निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधि.अधि. नगर पालिका परिषद बहराइच प्रमिता सिंह द्वारा बताया गया कि डूडा द्वारा निर्मित शेल्टर होम का संचालन नगर पालिका परिषद बहराइच के अधीन फेयरडील ग्रामोद्योग सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है। अधि. श्रीमती सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान समय में यहां पर 75 बेड लगाये गये हैं। आवश्यकता पड़ने पर इसकी क्षमता को बढ़ा कर 100 व्यक्तियों तक किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शेल्टर होम में अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ रसोई भी बनी हुई। डीएम श्री त्रिपाठी ने शेल्टर होम का निरीक्षण करते हुए श्रीमती सिंह को निर्देश दिया कि बेड पर साफ-सुथरी चादर व कम्बल रखा जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रसोई में बर्तन व गैस भी उपलब्ध करा दी जाये ताकि कोई ठहरने वाला व्यक्ति यदि स्वयं से भोजन बनाना चाहे तो उसे कोई असुविधा न हो।

डीएम ने ई.ओ. श्रीमती सिंह व संस्था के प्रबन्धक को निर्देश दिया कि शेल्टर होम में ठहरने वाले व्यक्तियों के विवरण को पंजिका पर सुरक्षित रखा जाय। उन्होंने कहा कि शेल्टर में आने वाले व्यक्ति से आने का कारण तथा उसकी पहचान से सम्बन्धित अभिलेख भी देखे तथा इन अभिलेखों को सुव्यस्थित ढंग से सुरक्षित भी रखा जाय। डीएम द्वारा अधि.अधि. श्रीमती सिंह को यह भी निर्देश दिया गया कि शेल्टर होम की नियमित रूप से साफ-सफाई कराती रहें तथा शेल्टर होम के प्रचार-प्रसार हेतु नगर क्षेत्र अन्तर्गत महत्वपूर्ण स्थानों पर बैनर व बोर्ड भी प्रदर्शित किये जायें।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें