हरियाणा रोडवेज का बड़ा विरोध : कर्मचारियों की भूख हड़ताल, 22 फरवरी को मंत्री आवास घेराव की चेतावनी

फतेहाबाद : प्रदेश सरकार की वायदाखिलाफी और अपनी लंबित मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने गुरूवार को हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर फतेहाबाद में भूख हड़ताल की। कर्मशाला प्रांगण में दिए गए धरने की अध्यक्षता डिपो प्रधान शिव कुमार श्योराण ने की और संचालन वीरेंद्र कुलेरी ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला पूर्व प्रधान बेगराज ने रोडवेज कर्मचारियों को फूलमाला पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया। इस भूख हड़ताल में विशेष रूप से सिरसा डिपो प्रधान, फतेहाबाद डिपो प्रभारी व प्रदेश प्रवक्ता पृथ्वी सिंह चाहर व सिरसा डिपो सचिव सतपाल सिंह रानियां ने भाग लिया। डिपो उपप्रधान राजकुमार बीघड़ व कैशियर जोगिंदर सिंह रेड्डू ने कहा कि सरकार व परिवहन मंत्री द्वारा रोडवेज कर्मचारियों को बुलाकर भी उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा। ऐसे में प्रदेशभर के रोडवेज कर्मचारी 22 फरवरी 2026 को परिवहन मंत्री के कैम्प कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में फतेहाबाद जिले से भी रोडवेज कर्मचारी बढ़चढ़ कर भाग लेंगे। रोडवेज नेताओं ने कहा कि जनता का पैसा प्राइवेट बस मालिकों को दोनों हाथों से लुटाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार ने वायदाखिलाफी करते हुए कोरोना काल के दौरान किलोमीटर स्कीम की बसों का संचालन न होने पर भी उन्हें 50 करोड़ रुपए की सौगात दी जा रही है, जिसका रोडवेज कर्मचारी पुरजोर विरोध कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रुप डी के कर्मचारियों को फतेहाबाद डिपो में ओवर टाईम, बकाया नाईट अलाउंस और एलटीसी का भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में रोडवेज कर्मचारियों को एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों की सभी समस्याओं का बातचीत के जरिए तुरंत समाधान किया जाए। रोडवेज कर्मचारियों के साथ सरकार की दो-तीन दौर की बातचीत में जिन मांगों पर सहमति बनी थी उन मांगों को तुरंत लागू किया जाए अन्यथा रोडवेज कर्मचारी कोई बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव रामनिवास शर्मा, कैशियर प्रेम कुमार, रतिया ब्लॉक प्रधान मलकीत सिंह ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल से उठाया। प्रदर्शन में कुलबीर सिंह, इंद्रपाल, रवि कुमार, संदीप कुमार, कुलबीर सिंह, जगबीर सिंह सहित अनेक रोडवेज कर्मचारियों ने भाग लिया।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें