Sitapur : अतिक्रमण हटाने की तैयारी, डीएम ने बनाई संयुक्त समिति

Sitapur : शहर की जर्जर ट्रैफिक व्यवस्था और प्रमुख चौराहों के आस-पास बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के यातायात को नियंत्रित करने और अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से एक संयुक्त समिति का गठन किया गया है, जो इस समस्या के समाधान हेतु एक विस्तृत योजना तैयार करेगी।

इन अधिकारियों की बनी कमेटी

डीएम के निर्देश पर गठित इस महत्वपूर्ण समिति में निम्नलिखित अधिकारी शामिल हैं:

  • उप जिलाधिकारी सदर
  • क्षेत्राधिकारी नगर
  • अधिशासी अभियन्ता (प्रांतीय खंड)
  • अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका परिषद, सीतापुर)

समिति के मुख्य कार्य बिंदु

  • यह संयुक्त समिति सीतापुर नगर क्षेत्र के समस्त मुख्य चौराहों और रास्तों का गहन भ्रमण करेगी तथा विभिन्न समस्याओं पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट (आख्या) प्रस्तुत करेगी।
  • समिति का कार्य प्रमुख रास्तों/चौराहों पर हुए अवैध कब्जों की पहचान करना है।
  • ट्रैफिक सिग्नल, प्रमुख स्थलों पर यातायात सिग्नल स्थापित करने हेतु स्थान का चयन करना।
  • वेंडिंग जोन/टैक्सी स्टैंड हेतु उपयुक्त स्थानों का चयन कर वेंडिंग जोन और टैक्सी स्टैंड स्थापित करना।
  • सीसीटीवी कैमरा, नगर के भीतर सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन।
  • यातायात नियमों के उल्लंघन को रोकने और उल्लंघन की स्थिति में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर सुझाव देना।

शहर में ये चौराहे हैं मुख्य प्रभावित

बताते चलें कि सीतापुर शहर के कई प्रमुख और व्यस्त स्थल गंभीर रूप से अतिक्रमण से जूझ रहे हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। इनमें मुख्य रूप से लालबाग बाजार, अटल चौक, रोडवेज बस चौराहा, हरदोई चुंगी, मुंशी गंज, हसनअली चौराहा, ग्रीक गंज चौराहा और जिला अस्पताल चौराहा शामिल हैं।

इस समिति के गठन से यह उम्मीद जगी है कि सीतापुर की वर्षों पुरानी यातायात और अतिक्रमण की समस्या का जल्द ही कोई स्थायी समाधान निकल पाएगा।

कुछ स्थानों पर लगें निशान

शहर के लालबाग चौराहे से हरदोई चुंगी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों तरफ लोग निर्माण विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए मकान और दुकानों पर लाल निशान लगाए गए हैं, जिन्हें लेकर लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें