Gorakhpur : नगर निगम को राष्ट्रीय जल संरक्षण सम्मान, राष्ट्रपति ने दिया 2 करोड़ का प्रोत्साहन पुरस्कार

Gorakhpur : गोरखपुर नगर निगम को जल संचय–जल भागीदारी अभियान के तहत बेहतरीन काम करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। जल संरक्षण को बढ़ावा देने वाले इस अभियान में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर भारत सरकार ने गोरखपुर को देश के टॉप 21 पुरस्कार विजेताओं में शामिल किया है। यह सम्मान 18 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने गोरखपुर नगर निगम को प्रशस्ति पत्र और दो करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री, जल शक्ति मंत्रालय के राज्य मंत्री, रेलवे मंत्रालय के प्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न राज्यों के मंत्री, महापौर और नगर आयुक्त उपस्थित रहे।

गौरव की बात यह है कि पूरे देश के नगर निगमों में गोरखपुर को तीसरा स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल और महापौर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। नगर निगम को मिला यह सम्मान गोरखपुर की जनता की सक्रिय भागीदारी, नगर निगम कर्मचारियों की मेहनत और राज्य सरकार के प्रभावी मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। दिल्ली में सम्मान मिलने के बाद गोरखपुर नगर निगम में भी जश्न मनाया गया।

तकिया घाट पर की गई प्राकृतिक जल शोधन पद्धति को पूरे देश में सराहना मिली है और इसे एक मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। इस सम्मान ने गोरखपुर को न सिर्फ जल संरक्षण बल्कि स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्र में भी अग्रणी नगर निगमों की श्रेणी में पहुंचा दिया है। यह उपलब्धि गोरखपुर की साझी जीत है और शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण–सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें