
देहरादून : पौड़ी जिले के विकासखण्ड पोखड़ा में बाघ के आतंक को समाप्त करने के लिए वन विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाने के साथ ही बाघ को मारने के लिए शूटर भी तैनात किये हैं।
दरअसल, कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने विधानसभा क्षेत्र में बाघ के हमले की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी पौड़ी को निर्देश दिए थे। मंत्री महाराज ने आदमखोर बाघ को मारने की अनुमति मांगी थी। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में पिंजरे लगाने के साथ-साथ शूटर भी तैनात कर दिए हैं। इसी बीच सोमवार सुबह विकासखंड बीरोंखाल के ग्राम जिवई में भालू के हमले में लक्ष्मी देवी पत्नी जयपाल गंभीर रूप से घायल हो गयी है।
चौबट्टाखाल विधायक महाराज के विधानसभा क्षेत्र में 13 नवंबर को बाघ के हमले में विकासखंड पोखडा, बगड़ीगाड निवासी रानी देवी और उसके अगले ही दिन हमले में ग्राम घन्डियाल की प्रभा देवी के घायल हो गई थी। इसके बाद मंत्री महाराज ने लोगों की जान माल की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी और डीएफओ को निर्देश दिए थे।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि विकासखण्ड पोखड़ा में आदमखोर बाघ को मारने के लिए आवश्यक अनुमति मिलने के बाद सोमवार से क्षेत्र में पिंजरे लगवाने के साथ-साथ शूटरों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही आदमखोर बाघ मरा जाएगा और लोगों को उसके भय से छुटकारा मिल पाएगा। मंत्री ने आज सुबह विकासखंड बीरोंखाल के ग्राम जिवई में लक्ष्मी नामक महिला के घायल होने पर चिंता जताई। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से कहा है कि जंगली जानवरों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसलिए विभाग तत्काल जंगली जानवरों से लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। महाराज ने बाघ के हमले में प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं।










