
नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी की सफाई को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने बिहार चुनाव तक सिर्फ दिखावा किया है, लेकिन अब यमुना नदी की असलियत फिर सामने आ गई है। आज तड़के सुबह कालिंदी कुंज में यमुना नदी के ऊपर तैरते जहरीले झाग का वीडियो वायरल होने के बाद यह मुद्दा गरमा गया है। वीडियो को पहले आप पार्टी से कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार ने साझा ने किया है, जिसके बाद पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी अपने एक्स पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। वीडियो में नजर आ रहे सफेद झाग पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बिहार चुनाव खत्म और भाजपा की यमुना सफाई की नौटंकी भी खत्म हो गई, लेकिन यमुना नदी में झाग खत्म नहीं हो पा रहे हैं, उनका दावा है कि भाजपा ने सिर्फ चुनावी लाभ के लिए सफाई अभियान को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया, लेकिन वास्तविक स्थिति में कोई सुधार नहीं किया गया है। विधायक ने भी कालिंदी कुंज के हालात को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि ऊपर से भले नदी पर फैली सफेद परत खूबसूरत दिख सकती है, लेकिन यह असल में प्रदूषण का कड़वा सच है, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 6 महीने में यमुना नदी को साफ करने का वादा किया था, लेकिन छठ पूजा के बाद ही यमुना नदी फिर उसी बदहाल स्थिति में लौट आई है। विधायक ने दावा किया कि भाजपा जिन मशीनों को दिखाकर यमुना नदी साफ होने की रील बना रही थी। वास्तव में पिछली आम आदमी पार्टी सरकार की खरीदी हुई मशीनें थीं। प्रदूषण के मुद्दे पर भी विधायक ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन पर पानी छिड़कने के बावजूद शहर का प्रदूषण स्तर 500 के पार है, लेकिन सरकार प्रदूषण कम करने के बजाय डेटा में हेरफेर करने में लगी हुई है। विधायक ने कहा कि यमुना पर फैली यह सफेद चादर बर्फ जैसी लगती है, लेकिन भाजपा सरकार के झूठ और लापरवाही की देन है, उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में (चार इंजन वाली सरकार) होते हुए भी भाजपा सिर्फ आरोप और विज्ञापन की राजनीति कर रही है, उन्होंने कहा कि भाजपा ने 10 महीनों में शहर में झूठों की बरसात कर दी है। शहर में प्रदूषण, मोहल्ला क्लीनिक, सरकारी नौकरी देने और यमुना के नाम पर बार-बार झूठ बोलने में लगी हुई हैं।















