
भास्कर ब्यूरो
- पदयात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया, सामाजिक सौहार्द का संकल्प लिया
Bijnor : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर शहर में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल एकता पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। एकता पदयात्रा को भाजपाइयों पिछले काफी दिनों से सफल बनाने के लिए लगे हुए थे।
एकता पदयात्रा वर्धमान कॉलेज से शुरू होकर शक्ति चौराहे से डीएवी कॉलेज होती हुई बुल्ला के चौराहे से नगर पालिका सिविल लाइन होती हुई वर्धमान कॉलेज पर जाकर संपन्न हुई एकता पदयात्रा को लेकर पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर और माल्यार्पण कर पदयात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। पदयात्रा से पूर्व वर्धमान कालेज में एक जनसभा का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की तादाद में लोगों की उपस्थिति देखकर भाजपाई गद्गद् नजर आए। सदर विधायक सूची मौसम चौधरी और उनके पति मौसम चौधरी समेत तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, सदर विधायक सूची मौसम चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता ऐश्वर्या मौसम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान उर्फ बॉबी, नगर अध्यक्ष अंकुर गौत्तम, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ बीरबल सिंह, आदि भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। इन नेताओं के नेतृत्व में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारे गूंजते रहे, जो सरदार पटेल के प्रति सम्मान और राष्ट्रहित के संकल्प को दशति थे। पदयात्रा के अंत में राष्ट्र की एकता, सामाजिक सौहार्द और विकास के लिए सामूहिक संकल्प दोहराया गया। नगर का माहौल भाईचारे की भावना से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर विधायक सूची मौसम चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने और अखंड भारत की नींव मजबूत करने में अतुलनीय भूमिका निभाई थी। उनकी दूरदृष्टि और निर्णय क्षमता के कारण ही आज देश मजबूत स्थिति में खड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार उसी एकता, दृढ़ नेतृत्व और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश सुरक्षित, सक्षम और समृद्धि की राह पर अग्रसर है।










