
Banda : उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को जिलाधिकारी जे. रीभा से मिला और शहर में बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि शहर में दूषित और बाधित जलापूर्ति के कारण जनता गंभीर परेशानी झेल रही है, जबकि जल संस्थान के जिम्मेदार अधिकारी समस्या समाधान के प्रति उदासीन बने हुए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर की पेयजल पाइपलाइनें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, लेकिन विभाग कागजों में उन्हें दुरुस्त दिखाता है। जल मूल्य की नियमित वसूली के बावजूद विभाग बजट न होने का बहाना बनाता है, जबकि वसूली गई राशि शासन को जमा न करके मेंटेनेंस मद में दर्शा दी जाती है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि, शहर के सभी वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था का सर्वे कराया जाए। जल संस्थान के वित्तीय खर्चों में किए गए भ्रष्टाचार की जांच कराई जाए। खराब पाइपलाइन तथा अव्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए।
जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने चेतावनी दी कि यदि जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और भ्रष्टाचार की जांच नहीं की गई, तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, शोएब रिज़वी तथा बांदा कांग्रेस सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी शामिल रहे।










