ASI टीम को संभल की शाही जामा मस्जिद का निरीक्षण करने से था रोका, अब मस्जिद कमेटी के दो लोगों पर FIR दर्ज

Sambhal : संभल पुलिस ने संभल की शाही जामा मस्जिद की इंतजामिया कमेटी के दो लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इन लोगों पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ( एएसआई ) के अधिकारियों को जामा मस्जिद के मुख्य गुंबद का निरीक्षण करने से रोकने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

यह घटना 8 अक्टूबर को संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित केंद्रीय संरक्षित इमारत जामा मस्जिद में हुई थी । भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, मेरठ मंडल के अधिकारी और कर्मचारी विनोद कुमार रावत के नेतृत्व में मस्जिद के संरक्षण के लिए निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान इंतजामिया कमेटी के हाफिज ने मोहम्मद काशिफ खान को बुला लिया। आरोप है कि इन दोनों ने ASI टीम को मुख्य स्मारक (मुख्य गुंबद) में प्रवेश नहीं करने दिया। वहां एक अन्य व्यक्ति ने भी विवाद की स्थिति पैदा करने और माहौल खराब करने की कोशिश की। साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

सरकारी कार्य पूरा न होने के कारण ASI टीम को मेरठ लौटना पड़ा। टीम ने इसकी लिखित जानकारी अपने कार्यालय को दी थी। इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, मेरठ मंडल ने संभल पुलिस को पत्र भेजा। इसी पत्र के आधार पर संभल पुलिस ने हाफिज और मोहम्मद काशिफ खान के खिलाफ 14 नवंबर काे नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। इस विषय में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, मेरठ मंडल से पत्र मिलने के बाद इंतजामिया कमेटी के हाफिज और मोहम्मद काशिफ खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह रिपोर्ट भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 352 और 351(2) के तहत दर्ज की गई है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें