Lakhimpur Kheri : आदमखोर तेंदुए का आतंक, दो गांवों में ताबड़तोड़ हमले 5 लोग गंभीर घायल

Lakhimpur Kheri : शारदा नगर वन रेंज के गुलरीपुरवा और सुकेतू गांव में आदमखोर तेंदुए ने दो अलग-अलग स्थानों पर कहर बरपाया। पहली घटना में 13 वर्षीय अंकुश पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर बचाव के लिए दौड़ीं महिलाएं और खेत में काम कर रहे ग्रामीण भी तेंदुए के निशाने पर आ गए। कुल मिलाकर पांच लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

रास्ते में घात लगाकर बैठा था तेंदुआ, बच्चे पर झपटा
अंकुश 13 अपने पिता के लिए खाना लेकर खेत जा रहा था। गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। अंकुश की चीख सुनकर पास ही चारा काट रहीं और बकरियां चरा रहीं महिलाएं दौड़कर पहुंचीं। उन्होंने शोर मचाकर तेंदुए को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह और अधिक आक्रामक हो गया।

बचाने पहुंचे ग्रामीण भी बने तेंदुए के शिकार
तेंदुए ने पहले लक्ष्मी 32 पर हमला किया, फिर क्रम से जगदीश 55, गोमती 14 और सुकेतू निवासी विनोद गुप्ता 50 को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को दूर खदेड़ा और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं, उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर है।

3 माह पहले भी महिला पर हमला, इलाज के दौरान हुई थी मौत
ठीक तीन महीने पहले भी सुकेतू गांव में तेंदुए ने एक महिला पर हमला किया था। गंभीर चोटों के कारण उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। उस समय वन विभाग ने निरीक्षण कर पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया।

गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग को दी कड़ी नसीहत
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि “वन विभाग सिर्फ औपचारिकता निभाता है। तेंदुआ लगातार गांवों में घूम रहा है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। बच्चे और महिलाएं घर से बाहर निकलने से डरने लगी हैं।”

वन विभाग की टीम मौके पर, सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना पाकर वन रेंजर अभय माल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया और हालात का जायजा लिया। वन विभाग ने कहा कि तेंदुए की लोकेशन ट्रैक कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें