बिहार में मंत्री पद का फार्मूला तय! जानें किस पार्टी से होंगे कितने मंत्री?

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और एनडीए गठबंधन को बहुमत मिला है। इसके बाद राज्य में दोबारा सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। गठबंधन के घटक दलों के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार बैठकें और मुलाकातें हो रही हैं। इस बीच, नई सरकार की कैबिनेट में प्रत्येक पार्टी के कितने मंत्री होंगे, इस पर बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, यह संभावना जताई जा रही है कि हर 6 विधायक के हिसाब से एक मंत्री पद मिलेगा। इसी फॉर्मूले पर सभी दलों के बीच कैबिनेट के गठन का प्रारूप तय किया जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, एनडीए के घटक दलों के बीच मंत्री पद का फॉर्मूला लागू होने की सहमति बनती दिख रही है। इस आधार पर नई नीतीश कैबिनेट का संभावित स्वरूप कुछ इस प्रकार हो सकता है:

  • BJP: 15–16 मंत्री
  • JDU: 14 मंत्री
  • LJP (R): 3 मंत्री
  • RLM: 1 मंत्री
  • HAM: 1 मंत्री

चिराग पासवान ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कहा कि यह जल्द ही होगा। उन्होंने बताया, “चर्चा चल रही है। सरकार के खाके पर स्पष्टता आज रात तक आ सकती है। मैं वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से भी बात करूंगा और आज या कल तक खाका तैयार हो जाएगा। हमें 22 नवंबर से पहले सरकार बनानी है।”

वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “हमने जनता का आभार व्यक्त किया है। नई सरकार बनाने की औपचारिकताएं जल्द पूरी होंगी और 2–4 दिनों में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। हमने बार-बार कहा है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।”

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें