
Mexico : नेपाल के बाद अब अमेरिका के एक पड़ोसी देश में Gen-Z आंदोलन तेजी पकड़ रहा है। मेक्सिको में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और हिंसा के खिलाफ ‘जेनरेशन जेड’ (जेन-जेड) के आह्वान पर शनिवार को हजारों युवा सड़कों पर उतर आए, जिससे सरकार के हाथ-पैर फूल गए। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाउम की सुरक्षा नीतियों और ड्रग कार्टलों के खिलाफ नरमी के खिलाफ किया गया। खासकर मिशोआकान राज्य में ड्रग तस्करों के खिलाफ अभियान चला रहे मेयर कार्लोस मंज़ो की हत्या के बाद आंदोलन ने और गति पकड़ ली।
जेन-जेड आंदोलन को विपक्षी दलों के विभिन्न आयु वर्ग के नेताओं और समर्थकों का भी समर्थन मिल रहा है। यह प्रदर्शन अधिकांशतः शांतिपूर्ण रहा, लेकिन अंत में कुछ युवाओं और पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर, पटाखे, लाठियां और जंजीरें फेंकी, पुलिस के ढाल और उपकरण भी छीन लिए। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
राजधानी के सुरक्षा सचिव पाब्लो वाजक्वेज ने बताया कि झड़पों में कुल 120 लोग घायल हुए, जिनमें 100 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके अलावा 20 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार किए गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को घसीटते और बल प्रयोग करते दिखाया गया, जिससे मनमानी गिरफ्तारियों और दुरुपयोग के आरोप लगे।
जेन-जेड आंदोलन में 1990 के दशक के अंत और 2010 के शुरुआती वर्षों में जन्मे युवा शामिल हैं। इस साल कई देशों में ये युवा असमानता, लोकतांत्रिक पतन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं। नेपाल में सितंबर में सोशल मीडिया प्रतिबंध के बाद हुए सबसे बड़े जेन-जेड प्रदर्शन के परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा था। मेक्सिको में युवा प्रणालीगत समस्याओं से तंग आ चुके हैं और वे सरकार को ‘नार्को-स्टेट’ (ड्रग माफिया प्रभावित राज्य) कहकर निशाना बना रहे हैं, क्योंकि कार्टल हिंसा और सामूहिक गायब होने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
सोशल मीडिया ने इस आंदोलन को रफ्तार दी। प्रदर्शन में केवल युवा ही नहीं, बल्कि विभिन्न आयु वर्ग के लोग भी शामिल हुए। पूर्व राष्ट्रपति विसेंट फॉक्स और मेक्सिकन अरबपति रिकार्डो सेलिनास प्लीगो ने सोशल मीडिया पर समर्थन संदेश जारी किए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय महल (पलासियो नासियोनल) के आसपास की बाड़ तोड़ी और राष्ट्रपति शेनबाउम के इस्तीफे की मांग की। कई प्रदर्शनकारियों ने ‘वन पीस’ कार्टून से प्रेरित समुद्री डाकू के खोपड़ी वाले झंडे को लहराया, जो जेन-जेड के वैश्विक विरोध का प्रतीक बन चुका है।
29 वर्षीय प्रदर्शनकारी एंड्रेस मासा ने कहा, “हमें अधिक सुरक्षा की जरूरत है। देश मर रहा है।” यह आंदोलन अब मेक्सिको सिटी से अन्य शहरों में भी फैल गया है, जहां युवा सरकार पर कार्टल हिंसा रोकने में नाकामी का आरोप लगा रहे हैं।















