
भास्कर ब्यूरो
- मामला कन्नौज सदर कोतवाली के छिपट्टी मोहल्ले के शिकायतकर्ता की की तहरीर पर देवधरापुर गांव स्थित ईंट भट्टे का।
- फिलहाल कन्नौज के चर्चित नाबालिक रेप केस से नबाब सिंह और उसके बाद से उनके भाई नीलू यादव हैं जेल में बंद।
- शिकायतकर्ता ईंट भट्टा संचालक ने बीती 19 नवंबर 2023 को घटी वारदात का जिक्र करके पुलिस को दिया था शिकायती पत्र।
Kannauj : नाबालिक से रेप के आरोप में जेल में बंद पूर्व सपा नेता नबाब सिंह यादव की मुश्किलों का दौर शायद खत्म होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। नबाब के भाई नीलू के अलावा 20 लोगों को शिकायतकर्ता एक ईंट भट्टा संचालक ने आरोपी बनाकर शिकायत दर्ज करवाई है। बीते समय उनके ईंट भट्टे पर घटी वारदात के मामले में इन बीस लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के शिकायती पत्र के आधार पर नबाब और नीलू सहित सात नामदर्ज सहित 12/13 अज्ञात लोगों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बताते चलें कि बीते लम्बे समय से कन्नौज के पूर्व सपा नेता नबाब सिंह यादव और उनके भाई वीरपाल उर्फ नीलू यादव जेल में बंद हैं। एक भट्टा संचालक की शिकायत पर कन्नौज पुलिस ने नबाब इनके भाई नीलू सहित सात नामदर्ज और 12 से 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ एक और मामला संगीन धाराओं में दर्ज कर लिया है।
बताते चलें कि, सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छिपट्टी निवासी और ईंट भट्ठा संचालक विशाल यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में भट्टा संचालक विशाल यादव का आरोप था कि, बीती 19 नवंबर 2023 को दोपहर दो बजे के करीब जब वह अपने पार्टनर देवेश कटियार और मुनीम रंजीत यादव के साथ देवधरापुर गांव स्थित अपने कृष्णा ब्रिक फील्ड (ईंट भट्टे) पर मौजूद थे, इसी दौरान दोपहर 2 बजे के करीब नबाब सिंह,नीलू उर्फ वीरपाल यादव, सचिन यादव, शिवम दुबे, विराट मौर्य, प्रदीप यादव, सुरजीत यादव, सहित 12 से 13 अज्ञात लोग उनके भट्टे पर पहुंचे थे।
भट्टा संचालक का आरोप था कि, इन उपरोक्त लोगों ने अवैध असलहे दिखाते हुए रंगदारी की मांग की। इसके अलावा गोलक में रखे डेढ़ लाख रुपए की नकदी भी जबरन ले ली थी। हमलावरों ने लाती डंडों से हमला करने के अलावा फायरिंग भी की थी। भट्टा संचालक और उनके साथ मौके पर मौजूद लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई थी। इस दौरान उनके प्रतिष्ठान पर भी कब्जा कर लिया गया था।
व्यापारी विशाल की तहरीर के मुताबिक उनका कहना था कि घटना की वारदात के दिन ही पुलिस को मामले का शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस ने उपरोक्त लोगों के दबदबे के कारण कोई कार्यवाही नहीं की थी। उनका कहना था कि पीड़ित परिवार को कई बार प्रताड़ित भी आरोपियों द्वारा किया गया, जिसकी शिकायतें शासन प्रशासन और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गईं थी। इसके बाद भी आरोपियों पर कोई कार्यवाही नहीं होने पर व्यापारी को डर के कारण शहर छोड़ना पड़ा था।
व्यापारी का कहना था कि, उपरोक्त घटना के बाद सपा नेता नबाब की शह पर भट्टे से लगभग 20 लाख रुपए की ईंटों के अलावा 15 लाख रुपए कीमत का अन्य सामान, चाचा विपिन यादव के नाम पर पंजीकृत एक पल्सर बाइक भी लूट की गई थी। यह बाइक अभी भी लापता है।
इस मामले में शनिवार को कन्नौज सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर उपरोक्त 7 नामदर्ज सहित 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 395 (लूटपाट) 447 अतिक्रमण, धारा 327 जबरन बसूली, धारा 427 नुकसान, के अलावा 120 बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें : बहन का अपमान नहीं सहेंगे… रोहिणी आचार्य के खुलासे के बाद तेज प्रताप की जयचंदों को चेतावनी










