Bahraich : सुजौली थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक पर तेंदुए का हमला, पैर में जख्म

Mihipurwa, Bahraich : कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज के आनंदनगर गांव के पास घर से 200 मीटर की दूरी पर बाइक सवार युवक पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में युवक के पैर में जख्म आए हैं।

सूचना पाकर मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची। पूरा मामला सुजौली थाना क्षेत्र के आनंदनगर गांव का है, जहां रहने वाले अरविंद चौहान अपने घर से मोटरसाइकिल पर बाहर निकले थे। इसी दौरान घर से 200 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिससे अरविंद के पैर में जख्म आए।

अरविंद ने बताया कि अचानक झाड़ी से दो तेंदुए निकल आए, जिनमें से एक ने उस पर हमला किया। किसी तरह वह बच गया और शोर मचाने पर आसपास मौजूद गांव वाले पहुंचे। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सुजौली ले जाया गया।

मौके पर सूचना पाकर वन दरोगा लवलेश कुमार, वनरक्षक अब्दुल सलाम और वाचर विनोद सिंह पहुंचे।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार तेंदुए का आतंक बढ़ रहा है। तेंदुए ने कुछ पालतू बकरियों को भी अपना निवाला बना लिया है। गांव के आसपास झाड़ियां बढ़ गई हैं, जिनमें तेंदुए घात लगाकर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग से पिंजड़ा लगाने की मांग की है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें