
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग के ताजा रुझानों और परिणामों के अनुसार, NDA ने 243 सीटों वाली विधानसभा में 200 से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है, जो 2010 की NDA की 206 सीटों वाली जीत की याद ताजा कराता है। बहुमत के लिए जरूरी 122 सीटों को पार करने के बाद NDA की यह जीत सुशासन, विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की मुहर मानी जा रही है। वहीं, विपक्षी महागठबंधन महज 30-35 सीटों पर सिमट गया, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी खाता भी नहीं खोल पाई।
PM मोदी का भाजपा मुख्यालय में जोरदार स्वागत
जीत के जश्न में डूबे भाजपा मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों से स्वागत किया। PM मोदी ने बिहार की सांस्कृतिक पहचान गमछा लहराकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और मंच पर पहुंचते ही ‘हर हर मोदी’ के नारों से पूरा मुख्यालय गूंज उठा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने PM का स्वागत किया। PM मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत बिहार की जनता की विकास और सुशासन पर मुहर है। उन्होंने सभी NDA सहयोगियों – नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को बधाई दी।
गठबंधन वार सीटों का ब्योरा
NDA की सीटें: 200+ (भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी)
भाजपा: 101 सीटों पर लड़ी, 90+ पर जीत/बढ़त
जदयू: 101 सीटों पर लड़ी, 80+ पर मजबूत प्रदर्शन
लोजपा (रामविलास): 29 सीटों पर लड़ी, 20+ पर जीत
हम (जीतन राम मांझी): 6 सीटों पर लड़ी, 4-5 पर सफलता
रालोमो (उपेंद्र कुशवाहा): 6 सीटों पर लड़ी, 4 पर बढ़त
महागठबंधन: कुल 33 सीटों के आसपास
राजद: 143 सीटों पर लड़ी, महज 30-35 पर सिमटी
कांग्रेस: 61 सीटों पर लड़ी, 7-10 सीटों तक सीमित
वाम दल: 30 सीटें, कुछेक पर सफलता
वीआईपी: 9 सीटें, खाता नहीं खुला
हाई प्रोफाइल सीटों पर नजर
इस चुनाव में कई चर्चित चेहरों की किस्मत दांव पर थी:
राघोपुर: तेजस्वी यादव (राजद) ने रोचक मुकाबले में जीत हासिल की, लेकिन उनकी पार्टी बुरी तरह हारी।
महुआ: तेज प्रताप यादव (राजद) का प्रदर्शन कमजोर।
अलीनगर: लोक गायिका मैथिली ठाकुर (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की।
मोकामा: बाहुबली अनंत सिंह (जदयू) ने जेल से लड़ते हुए बड़ी जीत हासिल की।
छपरा: भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव (राजद) हार गए।
तारापुर: सम्राट चौधरी (भाजपा) विजयी।
लखीसराय: विजय सिन्हा (भाजपा) ने जीत दर्ज की।
चुनाव में महिलाओं का रिकॉर्ड मतदान (लगभग 67%) NDA की जीत का बड़ा कारण माना जा रहा है। नीतीश कुमार की सुशासन बाबू की छवि और PM मोदी की रैलियों ने गठबंधन को मजबूती दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीत पर कहा कि यह NDA की एकजुटता की जीत है और बिहार अब विकसित राज्यों की श्रेणी में आएगा। उन्होंने PM मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की रफ्तार और तेज होगी।
यह जीत बिहार में ‘जंगलराज’ की राजनीति को पूरी तरह खारिज करने वाली है। NDA अब लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर रही है, जबकि महागठबंधन को करारी शिकस्त मिली है।














