
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को बहुत गंभीरता और सावधानी से लें। एसआईआर में जो जानकारी मांगी गयी है, उसे दें। हर मतदाता का नाम सूची में जुड़वाएं।
गुरुवार को बरेली में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की कि सभी लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल करायें। किसी का भी वोट कटने न पाये। श्री यादव ने कहा कि हालांकि इस अभियान की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है कि सभी लोगों का वोट बन जाये, वोटर लिस्ट से किसी का नाम न कटे।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली सरल और सिम्पल होनी चाहिए जिससे आम लोगों को कोई परेशानी न हो। क्योंकि हमारा लोकतंत्र आम लोगों की वजह से मजबूत हैं। बहुत लोग गरीब हैं उन्हें बहुत चीजों की जानकारी नहीं है। लेकिन चुनाव आयोग अपना काम छोड़कर राजनीतिक दलों को परेशान करने की दिशा में करता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर से डरना नहीं है। डटे रहना है। पार्टी के कार्यकर्ता नेता जनता के बीच जायें। लोगों को एसआईआर के प्रति जागरूक करें। फॉर्म भरवाने में मतदाताओं की मदद करें जिससे वोटर लिस्ट ठीक किया जा सके। कोई भी नाम वोटरलिस्ट में आने से छूटने न पाये। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी नया विजन और न्यू इंडिया को लेकर आगे बढ़ रही है। नई पीढ़ी के लोगों के भविष्य के लिए काम कर रही है। समाजवादी बरेली समेत हर शहर और जिले के लिए चुनाव घोषणा पत्र बनायेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर लोगों को काम करने की सहूलियत और सुविधाएं मिल सके। एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे है, इसमें कोई कन्फ्यूजन नहीं है। इतिहास में क्या लिखा है और क्या घटना हुई, इससे मुख्यमंत्री जी को कुछ लेना देना नहीं है। उनका लक्ष्य समाज को बांटना है। समाजवादी पार्टी भाजपा की विभाजनकारी नीति के खिलाफ नये विजन को लेकर आगे बढ़ रही है। तकनीकी को बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को प्रदेश और देश के विकास, नौकरी, रोजगार से कोई मतलब नही है। भाजपा जनता को एसआईआर, हिन्दू-मुस्लिम और अन्य मामलों में उलझाकर रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि स्कूली दिनों में हम लोग मिलिट्री स्कूल में हर रोज जन-गण-मन, वंदेमातरम और सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा गीत गाते थे, भाजपा महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से लोगों का ध्यान हटाने के लिए कोई न कोई मुद्दा लाती रहती है। भाजपा जनता का भरोसा खो चुकी है। घबराई हुई है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा विपक्ष और जनता के सवालों को जवाब नहीं देती है। मैंने सरकार से कई बार पूछा कि वह बताएं कि 2014 में जब भाजपा केन्द्र की सत्ता में आयी थी तब देश का क्षेत्रफल कितना था और अब इस समय कितना है। लेकिन सरकार नहीं बताती है। इसी तरह से सरकार जिन लोगों को पांच किलो राशन मिल रहा है, उनकी पर कैपिटा इनकम क्या है, वह भी नहीं बताती है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। चीन हमारे देश के बाजार पर कब्जा कर रहा है। सीमा पर घुसपैठ कर रहा है। भाजपा सरकार इस पर कुछ नहीं बोलती है।











