सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की बात : कहा – अब काठगोदाम को दिल्ली से जोड़ेगी वंदे भारत

हल्द्वानी  : पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दूरभाष पर वार्ता कर काठगोदाम–दिल्ली–काठगोदाम के बीच प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की है।

सांसद भट्ट ने रेल मंत्री को बताया कि काठगोदाम स्टेशन कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख रेलवे केंद्र है, जो प्रदेश के इस हिस्से का प्रवेश द्वार भी माना जाता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद उत्तराखंड आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है। वर्तमान में चल रही ट्रेनों की समय-सारिणी विशेषकर सुबह के समय यात्रियों के लिए असुविधाजनक साबित हो रही है।

भट्ट ने सुझाव दिया कि यदि काठगोदाम–दिल्ली–काठगोदाम के मध्य दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू की जाती है, तो यात्रियों को सुबह दिल्ली पहुंचने और शाम को वापस लौटने में काफी सुविधा होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि काठगोदाम और लालकुआं दोनों स्टेशनों पर ट्रेन के रखरखाव (मेंटेनेंस) की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। इसलिए जनहित में इस सेवा को शीघ्र शुरू किया जाना आवश्यक है, जिससे क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सके।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें