
बहराइच, रुपईडीहा। प्राथमिक विद्यालय रूपईडीहा प्रथम में बुधवार को भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता और परंपरागत मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में कक्षा पाँच तक के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और रुचि के साथ प्रतिभाग किया।
इस विशेष परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, इतिहास, धार्मिक ग्रंथों, लोककथाओं, त्योहारों और महान व्यक्तित्वों के जीवन से जुड़ी जानकारी का प्रसार करना था। प्रश्नपत्र में ऐसे विषयों को शामिल किया गया था, जिनसे विद्यार्थियों में अपने देश की गौरवशाली परंपराओं के प्रति आत्मीयता और गर्व की भावना विकसित हो सके।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आलिया खातून ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा भी देती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व में अद्वितीय है और बच्चों को इसका ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की। विद्यालय परिसर में आयोजित यह परीक्षा विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और संस्कार दोनों का संगम साबित हुई।
यह भी पढ़े : दिल्ली, मुंबई सहित पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, सहमे यात्री










