
- राजेन्द्र पाल गौतम बोले…बहुजनों के हक और अधिकारों को मजबूत करने वाले संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही आरएसएस और भाजपा
Lucknow : कांग्रेस का पिछड़ा वर्ग विभाग और अनुसूचित जाति विभाग पूरे उत्तर प्रदेश में जागरूकता की अलख जगाएंगे। 26 नवंबर संविधान दिवस से ‘संविधान सम्मान सम्मेलन’ कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे प्रदेश भर में गांव-गांव तक पिछड़े और दलितों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे और बताएंगे कि कांग्रेस सरकारों में पिछड़ों और दलितों को क्या-क्या मिला।
कांग्रेस सरकार में उनके लिए क्या-क्या योजनाएं चलती थी और भाजपा की सरकार ने उनसे क्या-क्या छीन लिया है। यह कार्यक्रम 2027 के चुनाव को जीतने के रास्ते का मिल का पत्थर साबित होगा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति/जनजाति विभाग कांग्रेस के चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम-पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग कांग्रेस के चेयरमैन अनिल जय हिंद ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन अनिल जय हिंद जी ने कहा कि विगत दिनों पूर्व लखनऊ में राहुल गांधी के संविधान सम्मान सम्मेलन में 90 प्रतिशत पिछडे़, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज के हक अधिकारों के प्रति भाषण ने देश का माहौल बदल दिया था जिसके परिणामस्वरूप लोकसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन के पक्ष में प्रदेश में कई सीटों पर जीत हासिल हुई।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद संविधान के अस्तित्व में आने से देश के बहुजन समाज के लोगों के अंदर समानता का बोध स्थापित हुआ।
कांग्रेस ने बहुजनों को देश के शासन-प्रशासन में भागीदारी देने के लिए सभी क्षेत्र के संस्थाओं की स्थापना की। मौजूदा भारतीय राजनीति में जननायक राहुल गांधी संविधान को खत्म होने से बचाने और संविधान को मजबूत करने के लिए आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ रहे हैं इसलिए आगामी 26 नवंबर संविधान दिवस के दिन से कांग्रेस पार्टी के पिछड़ा वर्ग विभाग और अनुसूचित जाति विभाग संयुक्त रूप से ‘‘संविधान चर्चा’’ कार्यक्रम ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित करेगी।
प्रेस वार्ता को आगे संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति/जनजाति विभाग कांग्रेस के चेयरमैन राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि आरएसएस और भाजपा लगातार बहुजनों के हक और अधिकारों को मजबूत करने वाले सभी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने, उनका दुरुपयोग करने और बेचने का कार्य कर रही है। हाल ही के दिनों राहुल गांधी ने पूरे देश के समक्ष देश में वोट चोरी के माध्यम से सरकार चोरी को उजागर किया है।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के छात्रों की स्कालरशिप भाजपा सरकार द्वारा जनबूझ कर रोकी गई है और कांग्रेस की सभी वर्गों के छात्रों के लिए एक समान शिक्षा की मांग को लगातार अनदेखा कर रही है।
आज की प्रेसवार्ता के साथ ही हमने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। आरएसएस भाजपा द्वारा लगातार निजीकरण और संविदाकरण किया जा रहा है जो विशुद्ध रूप से दलित, पिछड़ें वर्ग के लोगों को संविधान द्वारा प्रदत्त आरक्षण को खत्म करने की साजिश है।
प्रेसवार्ता में विधायक वीरन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय, तनुज पुनिया-सांसद, पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश चेयरमैन मनोज यादव मुख्य रूप से शामिल रहे।










